वीआईपी रोड, पीपल चौक और जीरो जोन से हटाए गए कब्जे, नियम तोड़ने वालों के किए चालान
संवाद न्यूज एजेंसी
पिरान कलियर। दरगाह क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने शुक्रवार को अभियान चलाते हुए बाजारों और नालों पर किए गए कब्जों को हटवाया। तहसीलदार एवं दरगाह प्रबंधक विकास अवस्थी के नेतृत्व में पुलिस बल और दरगाह कर्मियों की टीम ने विभिन्न स्थानों पर कार्रवाई की।
अभियान के दौरान साबरी गेस्ट हाउस, वीआईपी सड़क, पीपल चौक और जीरो जोन सहित कई स्थानों पर अतिक्रमण हटाया गया। इस दौरान दुकानदारों को स्वयं अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी गई। वहीं नियम तोड़ने वालों के चालान भी काटे गए। तहसीलदार विकास अवस्थी ने बताया कि दरगाह क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
विशेष रूप से नालों और जीरो जोन में किए गए अतिक्रमण को हटाने पर जोर दिया जा रहा है ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। इस दौरान एसएसआई देवेंद्र सिंह तोमर, सुपरवाइजर इंतखाब आलम, असलम कुरैशी, अफजाल, लेखाकार सद्दाम अली, जमशेद अली, जितेंद्र सिंह, नीरज राणा आदि मौजूद रहे।