दरगाह हजरत साबिर पाक के 758वें सालाना उर्स मेले की तैयारियों के तहत शुक्रवार को प्रशासन ने दरगाह क्षेत्र में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की दीपक रामचंद्र सेठ के निर्देश पर नायब तहसीलदार मधुकर जैन ने दरगाह प्रबंधन और भारी पुलिस बल के साथ बाजार क्षेत्र में कार्रवाई की।
अभियान के दौरान सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाया गया। कई दुकानदारों ने स्वयं ही अपना अतिक्रमण हटाना शुरू कर दिया जबकि कुछ स्थानों से टीम ने सामान जब्त किया। कुछ दुकानदारों को अतिक्रमण हटाने के लिए कुछ घंटे का समय देते हुए चेतावनी भी दी गई। कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से व्यावसायिक उपयोग में लाए जा रहे घरेलू गैस सिलिंडर भी जब्त किए गए।
सिलिंडर जब्त किए जाने पर कुछ लोगों ने विरोध करते हुए अधिकारियों से बहस की लेकिन पुलिस बल की मौजूदगी में स्थिति शांतिपूर्ण बनी रही।अभियान बिना किसी व्यवधान के जारी रहा। तहसीलदार एवं दरगाह प्रबंधक विकास अवस्थी और नायब तहसीलदार मधुकर जैन ने बताया कि उर्स के दौरान लाखों जायरीन दरगाह पहुंचते हैं। ऐसे में जायरीनों की सुरक्षा, सुचारु यातायात व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं के संचालन के लिए अतिक्रमण हटाना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि अभियान लगातार जारी रहेगा और पूरे दरगाह क्षेत्र को अवैध अतिक्रमण से मुक्त कराया जाएगा। साथ ही चेतावनी दी कि जो लोग स्वयं अतिक्रमण नही हटाएंगे उनके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दौरान लेखपाल गुलफशा, सद्दाम, इंतखाब आलम, असलम कुरैशी, राव शारिक, राव सिकंदर सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहें।