नारसन मे हाईवे चौड़ीकरण के लिए शुक्रवार को नारसन क्षेत्र में एएसडीएम के नेतृत्व में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। तीन जेसीबी के साथ अचानक अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम की कार्रवाई शुरू होते ही दुकानदारों में हड़कंप मच गया। दुकानदारों के विरोध के बावजूद कई स्थायी और अस्थायी अतिक्रमण को हटाया गया।
हाईवे पर अतिक्रमण के कारण पिछले दो साल से चौड़ीकरण का कार्य ठप पड़ा है। दो दिन पहले ही अमर उजाला ने इस समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित भी किया था। इसके बाद शुक्रवार को एएसडीएम गोपाल सिंह चौहान के नेतृत्व में ऐरा कंपनी और एनएच के अधिकारी अतिक्रमण हटाने पहुंचे। अचानक अतिक्रमण के खिलाफ शुरू हुई कार्रवाई के दौरान कई दुकानदार एएसडीएम से मोहलत की गुहार लगाते नजर आए। सबसे पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की दीवार पर जेसीबी चली। इसके बाद आसपास के दुकानदार भी सामान समेटते नजर आए। कार्रवाई के दौरान ही छह-सात स्थायी अतिक्रमण सहित स्थायी दुकानें हटवाईं गई। एएसडीएम गोपाल सिंह चौहान ने बताया कि जब तक चिह्नित अतिक्रमण साफ नहीं होगा अभियान जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि नारसन के बाद शनिवार को मंगलौर क्षेत्र में हाईवे की जद में आ रहे अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। ऐरा कम्पनी के सीनियर इंजीनियर गिरजेश त्रिपाठी ने बताया कि अतिक्रमण न हटने से सड़क का निर्माण कार्य बाधित हो रहा था। अतिक्रमण हटने के बाद सड़क चौड़ीकरण का कार्य जल्दी ही पूरा कर लिया जाएगा। इस मौके पर कानूनगो राजेश त्यागी, हरीश राणा, राजेश कुमार सैनी आदि अधिकारी मौजूद रहे।
जाम से भी मिलेगी राहत
हाईवे चौड़ीकरण से बड़ी संख्या में लोगों को जाम से भी राहत मिलेगी। कारण कि हर वीकेंड और स्नान पर्व पर मंगलौर, रुड़की और हरिद्वार में जाम की समस्या आम हो गई। इसे अमर उजाला ने लगातार प्रकाशित भी किया है।