आईआईटी रुड़की में एमएसएमई इनोवेटिव (डिजाइन) स्कीम पर जागरूकता सत्र आयोजित
- उद्योग-अकादमिक सहभागिता के जरिये दिया जाएगा बढ़ावा
रुड़की। आईआईटी रुड़की के डिजाइन इनोवेशन सेंटर की ओर से एमएसएमई इनोवेटिव (डिजाइन) स्कीम विषय पर उद्योग-अकादमिक सहभागिता पर जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम देहरादून स्थित होटल में डिजाइन विभाग, आईआईटी रुड़की और विकास एवं सुविधा कार्यालय (एमएसएमई-डीएफओ) हल्द्वानी और देहरादून के सहयोग से संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का उद्देश्य भारतीय विनिर्माण क्षेत्र और डिजाइन विशेषज्ञों को एक साझा मंच पर लाना था ताकि एमएसएमई इकाइयों को नवाचार, नए उत्पाद विकास और मूल्य संवर्धन के लिए विशेषज्ञ मार्गदर्शन मिल सके। योजना के तहत वास्तविक समय की डिजाइन समस्याओं के किफायती समाधान और उत्पादों में सुधार पर विशेष जोर दिया गया। प्रो. इंदरदीप सिंह, अधिष्ठाता (इन्फ्रास्ट्रक्चर) एवं समन्वयक, डिज़ाइन इनोवेशन सेंटर ने बताया कि चालू वित्तीय वर्ष में इस योजना के अंतर्गत चार कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जा रही है। सत्र में डॉ. एसके नेवार, एससी कंडपाल और अमित मोहन सहित विभिन्न सरकारी एजेंसियों के अधिकारी उपस्थित रहे। साथ ही क्षेत्रीय उद्योगों और एमएसएमई इकाइयों के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर योजना की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।