दरगाह प्रशासन की ओर से दरगाह साबिर पाक, दरगाह इमाम साहब और दरगाह किलकिली साहब क्षेत्र के वार्षिक ठेकों के संचालन के लिए एक बार फिर ई-निविदा प्रक्रिया शुरू की गई है। इस संबंध में दरगाह कार्यालय की ओर से निविदा सूचना जारी कर इच्छुक व्यक्तियों और फर्मों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
दरगाह प्रशासन की ओर से जारी सूचना के अनुसार विभिन्न वार्षिक ठेकों के लिए ई-टेंडर प्रक्रिया दो चरणों में आयोजित की जाएगी जिसमें तकनीकी और वित्तीय निविदाएं शामिल रहेंगी। निविदा से संबंधित दस्तावेज 26 मई से डाउनलोड किए जा रहे हैं और इसी दिन से आवेदन प्रक्रिया भी प्रारंभ हो गई है। निविदा जमा करने की अंतिम तिथि नौ जून निर्धारित की गई है। इसी दिन निविदाएं खोली भी जाएंगी।
इससे पूर्व भी ठेकों की प्रक्रिया शुरू की गई थी। आठ जनवरी को खोले गए टेंडरों में से नीलामी समिति ने केवल पांच ठेकों को ही स्वीकृति दी थी जबकि अन्य ठेकों पर पर्याप्त टेंडर न आने या स्वीकृति न मिलने के कारण उन्हें दोबारा निविदा प्रक्रिया में शामिल किया गया था। इसके बाद शासन स्तर पर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) में बदलाव और डिजिटल सिग्नेचर सर्टिफिकेट (डीएससी) से जुड़ी प्रक्रिया लंबित रहने के चलते ई-निविदा प्रक्रिया तकनीकी कारणों से स्थगित कर दी गई थी। अब दोबारा ई-निविदा जारी की गई है। तहसीलदार एवं दरगाह प्रबंधक विकास अवस्थी ने बताया कि निविदा प्रक्रिया से संबंधित किसी भी संशोधन या परिवर्तन की जानकारी केवल अधिकृत वेबसाइट पर ही प्रकाशित की जाएगी। उन्होंने सभी इच्छुक आवेदकों से समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है।