मिसाइल प्रणालियों के संरचनात्मक डिजाइन में योगदान के लिए मिला विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी सम्मान
रुड़की। आईआईटी रुड़की के पूर्व छात्र और डीआरडीओ के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. प्रकाश चंद जैन को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए डॉ. मुरली मनोहर जोशी पुरस्कार से सम्मानित किया गया। नई दिल्ली में आयोजित समारोह में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं पद्म विभूषण डॉ. मुरली मनोहर जोशी ने उन्हें यह पुरस्कार प्रदान किया। फेडरेशन फॉर वर्ल्ड एकेडमिक्स की ओर से स्थापित यह सम्मान उन्हें मिसाइल प्रणालियों के संरचनात्मक डिजाइन और देश की रक्षा अनुसंधान क्षमताओं को मजबूत करने के लिए दिया गया है। वर्तमान में हैदराबाद स्थित रक्षा अनुसंधान एवं विकास प्रयोगशाला (डीआरडीएल) में कार्यरत डॉ. जैन आईआईटी रुड़की, आईआईटी मुंबई और अमेरिका की पेंसिल्वेनिया स्टेट यूनिवर्सिटी से जुड़े रहे हैं। वह एएसएमई के फेलो और एआईएए के एसोसिएट फेलो भी हैं। उनके शोध से मिसाइलों का वजन कम करने और उनकी संरचनात्मक क्षमता बढ़ाने में मदद मिली है। उन्हें डीआरडीओ के कई पुरस्कार भी मिल चुके हैं।