गांव की पृष्ठभूमि से निकलकर दिव्यांशी कश्यप ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। दिल्ली में आयोजित 70वीं नेशनल स्कूल गेम्स की कुश्ती प्रतियोगिता में दिव्यांशी ने कांस्य पदक जीतकर अपने परिवार, गांव और प्रदेश का नाम रोशन किया है। 39 किलोग्राम भार वर्ग में पदक हासिल करने पर परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
दिव्यांशी कश्यप मंगलौर क्षेत्र के लिब्बरहेड़ी गांव की रहने वाली हैं। वह ज्ञान सरोवर पब्लिक हाईस्कूल में कक्षा आठ की छात्रा है। प्रतियोगिता में देशभर के अलग-अलग राज्यों से सैकड़ों खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया था। कड़े मुकाबलों के बीच दिव्यांशी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया।
कोच आकाश कुमार ने बताया कि दिव्यांशी पिछले करीब तीन वर्षों से कुश्ती का अभ्यास कर रही है। अनुशासन, मेहनत और निरंतर अभ्यास के साथ गुरुजनों के मार्गदर्शन ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है। कोच ने बताया कि दिव्यांशी ने स्कूल, परिवार, गांव, मंगलौर, हरिद्वार जिले के साथ ही उत्तराखंड का गौरव बढ़ाया है।
दिव्यांशी के पिता कदम सिंह मोबाइल का काम करते हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति सामान्य होने के बावजूद माता-पिता ने बेटी की खेल प्रतिभा को आगे बढ़ाने में कोई कमी नहीं छोड़ी। परिवार में दिव्यांशी की एक बड़ी बहन कक्षा दस में पढ़ती है जबकि दूसरी बहन भी कुश्ती का अभ्यास करती है। दिव्यांशी तीन बहनों में तीसरे स्थान पर है और उनका एक छोटा भाई भी है। बेटी की इस उपलब्धि पर माता-पिता और परिवार के सदस्यों ने गर्व जताया है।