दो नई बीएस-6 बसों में 41 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था, हरिद्वार और देहरादून जाने से मिलेगी मुक्ति
कुंभ मेले के लिए जल्द आएंगी इलेक्ट्रिक बसें, रुड़की डिपो को भी मिलेगी नई बसें
संवाद न्यूज एजेंसी
रुड़की। शहरवासियों के लिए नैनीताल का सफर अब आसान होने जा रहा है। नैनीताल जाने के लिए अब यात्रियों को हरिद्वार या देहरादून जाकर बस पकड़ने की जरूरत नहीं पड़ेगी। रुड़की रोडवेज डिपो से नैनीताल के लिए सीधी बस सेवा शुरू कर दी गई है। बुधवार को कैबिनेट मंत्री एवं परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना करने के बाद बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस दौरान परिवहन मंत्री ने बताया कि रुड़की रोडवेज डिपो को दो नई बीएस-6 श्रेणी की बसें उपलब्ध कराई गई है। पहाड़ी मार्गों पर संचालन के लिहाज से विशेष रूप से तैयार इन बसों में 41 यात्रियों के बैठने की क्षमता है। उन्होंने कहा कि सीधी बस सेवा शुरू होने से रुड़की और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। अब उन्हें नैनीताल पहुंचने के लिए दूसरे शहरों का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि रुड़की डिपो में जल्द ही अन्य नई बसें भी शामिल की जाएंगी। इससे परिवहन सुविधाओं का विस्तार होगा और यात्रियों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी।
कुंभ मेले के लिए आएंगी इलेक्ट्रिक बसें
- मंत्री प्रदीप बत्रा ने बताया कि आगामी कुंभ मेले को देखते हुए नई इलेक्ट्रिक बसें भी लाई जा रही है। इनका संचालन देहरादून और हरिद्वार से विभिन्न मार्गों पर किया जाएगा। इस मौके पर महाप्रबंधक (संचालन) प्रतीक जैन, पार्षद पंकज सतीजा, सरदार सतवीर सिंह, अनुराग त्यागी, आशुतोष सैनी, अवनीश शर्मा, कविश मित्तल और दीपक बत्रा आदि मौजूद रहे।