कलियर दरगाह में चादर चढ़ाती पश्चिम बंगाल की सांसद, गृह, उर्जा मंत्री व संसदीय समिति की सदस्य साजि?
- फोटो : ROORKEE
पिरान कलियर। पश्चिम बंगाल से टीएमसी की सांसद और गृह एवं ऊर्जा मंत्रालय संसदीय समिति की सदस्य साजदा सुल्तान अहमद ने दरगाह साबिर पाक में चादर और फूल पेश कर देश में अमन-चैन की दुआ की। उन्होंने कहा कि देवभूमि के सभी धाम और दरगाहें आध्यात्मिक, शांति व सहिष्णुता की प्रतीक हैं। वहीं, तीन महीने बाद दरगाह खुलने पर कलियर में जियारत के लिए दूसरे राज्यों के जायरीन भी बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं।
शनिवार को सांसद साजिदा सुल्तान अहमद ने दरगाह में चादर पेश करने के बाद कहा कि सूफी संतों की दरगाहें भारतवर्ष की एकता और गंगा जमुनी तहजीब की प्रतीक हैं। यहां हर धर्म के लोगों को मानवता का संदेश मिलता है। हमारी मिलीजुली संस्कृति पूरे विश्व में सबसे श्रेष्ठ और अनोखी है। उन्होंने कहा कि देवभूमि के सभी धाम और दरगाहें आध्यत्मिक, शांति व सहिष्णुता के प्रतीक है। कलियर दरगाह क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए उत्तराखंड सरकार को मुख्य रूप से संसदीय समिति की ओर से लिखेंगी। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थल के साथ-साथ पर्यटन स्थल के रूप में भी कलियर दरगाह क्षेत्र का विकास होना चाहिए। इसके लिए दलगत राजनीति से ऊपर उठकर सभी जनप्रतिनिधियों को कार्य करना चाहिए। इसके बाद वह कांग्रेस से मंगलौर विधायक काजी निजामुद्दीन की माता के निधन पर संवेदना व्यक्त करने उनके निवास पर पहुंचीं। इस अवसर पर आल इंडिया सर्वधर्म त्योहार कमेटी के अध्यक्ष एवं शायर अफजल मंगलौर, ओएसडी मोहम्मद आदिल, शाहजहां सुल्तान, राव सिकंदर, इंतखाब आलम, राव शारिक, नोमी मियां आदि मौजूद रहे।