नारसन बार्डर का निरीक्षण करते डीएम व एसएसपी।
- फोटो : ROORKEE
हरिद्वार महाकुंभ में 12 अप्रैल के शाही स्नान के लिए बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ नारसन बॉर्डर पर उमड़नी शुरू हो गई है। शनिवार को बॉर्डर पर वाहनों की लंबी लाइन लग गई। भीड़ को देखते हुए पुलिस ने सख्ती बरतनी शुरू कर दी है। वहीं, शाही स्नान पर बॉर्डर की तैयारियां परखने के लिए डीएम और एसएसपी ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही डायवर्ट रूटों का निरीक्षण किया।
सोमवार को सोमवती अमावस्या का शाही स्नान है। इसे लेकर व्यवस्थाओं में कोई कमी नहीं छोड़ी जा रही है। शनिवार को डीएम सी रविशंकर, एसएसपी सेंथिल अबूदई कृष्णराज एस और एसपी देहात प्रमेंद्र डोबाल ने अधीनस्थों के साथ नारसन बॉर्डर का निरीक्षण किया। डीएम ने बाहरी राज्यों से आने वाले सभी लोगों की कोरोना नेगेटिव रिपोर्ट देखने के बाद ही एंट्री देने के निर्देश दिए। एसएसपी ने पुलिस को वाहनों की सघन चेकिंग करने के निर्देश दिए। साथ ही डायवर्ट रूटों पर बनाए गए ड्यूटी प्वाइंटों पर मुस्तैद रहने को कहा। इसके बाद अधिकारियों ने पुरकाजी के पास डायवर्ट किए गए रूट का निरीक्षण किया। वहीं, शाही स्नान पर बाहरी राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं की शनिवार सुबह से ही बॉर्डर पर भारी भीड़ जुटने लगी। पुलिस ने सख्ती बरतते हुए नेगेटिव रिपोर्ट वालों को ही एंट्री दी। बिना रिपोर्ट के पहुंचे श्रद्धालुओं को वापस लौटा दिया।
--
एंबुलेंस को किया सीज
नारसन बॉर्डर पर डीएम और एसएसपी व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे थे। इसी बीच बिना मरीज के तेज रफ्तार से हूटर बजाते हुए एक एंबुलेंस गुजरी। इस पर एसएसपी ने हैरानी जताई और एंबुलेंस को सीज करने के निर्देश दिए। पुलिस ने एंबुलेंस को रोककर सीज कर दिया।
--
बॉर्डर पर यह रही स्थिति
कोरोना टेस्ट : 1919
थर्मल स्क्रीनिंग, पंजीकरण : 7930
कोरोना रिपोर्ट लेकर आए : 6011
वाहन वापस लौटाए : 340
कोरोना पॉजिटिव : 04