ब्लॉक रुड़की स्थित सभागार में सोमवार को क्षेत्र पंचायत सदस्यों की ओर से ‘चार साल बेमिसाल’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र पंचायत सदस्यों के कार्यों और ग्रामीण क्षेत्रों के विकास में उनके योगदान को सराहा गया। इस दौरान बीडीसी सदस्यों को माल्यार्पण और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में कराए गए विकास कार्यों और अनुभवों को भी साझा किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्लॉक प्रमुख लुबना राव ने की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों का विकास उनकी प्राथमिकता है। क्षेत्र पंचायत सदस्य अपने क्षेत्रों में लोगों की समस्याओं को सामने लाने के साथ ही विकास कार्यों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि गांवों में सड़क, नाली, पेयजल समेत अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
वहीं बीडीओ सुमन कुटियाल ने क्षेत्र पंचायत सदस्यों को कार्यक्रम की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्थानीय स्तर पर विकास कार्यों को गति देने में जनप्रतिनिधियों की भूमिका महत्वपूर्ण है। कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय रहने से ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं का समय पर समाधान कराया जा सकता है।
उन्होंने सभी सदस्यों से अपने क्षेत्रों की जरूरतों को प्राथमिकता के आधार पर सामने रखने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की और भविष्य में भी आपसी समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर दिया। कार्यक्रम का संचालन क्षेत्र पंचायत सदस्य राजू ढंडेढ़ी ख्वाजगीपुर ने किया। इस दौरान राव ईनाम, एम कैफ, नूर अली, वसीम अकरम, सलमान, इमरान, एम मुदस्सिर, आकिब सहित क्षेत्र पंचायत सदस्य एवं बीडीसी आदि मौजूद रहे।