उपजिलाधिकारी के आदेश पर मोहम्मदपुर कुन्हारी में विवादित जमीन की पैमाइश के दौरान एक पक्ष ने जेसीबी मशीन से तोड़फोड़ कर दी। इससे कोल्हू में रखे गुड़ व अन्य सामान सहित करीब 34 लाख रुपये का नुकसान हो गया। साथ ही कोल्हू पर मौजूद महिलाओं के साथ भी अभद्रता की गई। पीड़ित कोल्हू मालिक ने आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सुल्तानपुर निवासी एक व्यक्ति का मोहम्मदपुर कुन्हारी में कोल्हू है। इससे सटी भूमि को लेकर कोल्हू मालिक और दूसरे पक्ष में विवाद चल रहा है। मामले में दूसरे पक्ष ने एसडीएम को शिकायती पत्र देकर जमीन की पैमाइश कराने की मांग की थी। इसपर उपजिलाधिकारी ने मंगलवार को जमीन की पैमाइश करने के आदेश चकबंदी विभाग को दिए थे। बुधवार को चकबंदी विभाग की टीम पैमाइश करने मौके पर पहुंची तो कोल्हू स्वामी मौजूद नहीं मिले। ऐसे में टीम ने कोल्हू स्वामी की गैर मौजूदगी में पैमाइश करने से मना कर दिया और वापस लौट आई। आरोप है कि इसके बाद दूसरे पक्ष के लोगों ने जेसीबी मंगवाकर कोल्हू में तोड़फोड़ शुरू कर दी। इससे कोल्हू के भवन व उसमें मौजूद करीब 400 कुंतल गुड़, 200 कुंतल राब सहित कुल 34 लाख रुपये का सामान नष्ट कर दिया। इस दौरान कोल्हू पर मौजूद महिलाओं ने तोड़फोड़ का विरोध किया तो दूसरे पक्ष के लोगों ने उनके साथ अभद्रता की। कोल्हू स्वामी ने दस लोगों को नामजद करते हुए सुल्तानपुर चौकी पुलिस को तहरीर दी है। चौकी प्रभारी लोकपाल परमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।