हरिद्वार और ऋषिकेश से दिल्ली के लिए चलाई गई दोनों पैसेंजर ट्रेनों को लक्सर से होकर चलाने और बंद पड़ी सहारनपुर-लखनऊ पैसेंजर ट्रेन को चलाने की मांग अब जोर पकड़ने लगी है। इससे पहले दो दिन तक पैसेंजर ट्रेनों को लक्सर से चलाने की मांग को लेकर व्यापारी नेता ने भूख हड़ताल की थी।
बुधवार को भारतीय किसान यूनियन (भानू ) के राष्ट्रीय महासचिव नितिन चौधरी (नीलू) के नेतृत्व में सैकड़ों किसान कार्यालय पर एकत्र हुए। किसानों ने एक साथ मांग उठाई कि लक्सर बाईपास रेलमार्ग को बंद किया जाए और उधर से गुजरने वाली सभी ट्रेनें लक्सर से होकर चलाई जाएं। रेलवे हरिद्वार-ऋषिकेश पैसेंजर ट्रेनों को अगर बाईपास मार्ग से निकाल सकता है तो किसान यूनियन लक्सर से होकर चलाए जाने की मांग को लेकर प्रदेशभर में आंदोलन भी कर सकते हैं।
उन्होंने मांगपत्र में कहा कि यदि शीघ्र ही दोनों पैसेंजर ट्रेनों को लक्सर से होकर और बंद पड़ी लखनऊ सहारनपुर पैसेंजर ट्रेन संचालन शीघ्र शुरू नहीं किया गया तो सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया जाएगा। उधर कांग्रेस के प्रदेश महासचिव प्रमोद खारी ने भी पैसेंजर ट्रेनों को लक्सर से होकर चलाए जाने की मांग का समर्थन किया है। एसडीएम गोपाल राम बिनवाल को ज्ञापन देने वालों में प्रदेश उपाध्यक्ष देवेश राणा, अमित बंसल, जिला अध्यक्ष अखलाक खान, जिला उपाध्यक्ष सुधांशु चौधरी, रिजवान चौधरी, विकास गुर्जर, विपिन शेखपुरी, विकास चौधरी, शमशाद, प्रवीण चौधरी आदि मौजूद थे।