खानपुर विधानसभा क्षेत्र के दाबकी कलां, खेड़ी मुबारिकपुर, लक्सर समेत कई गांवों में लंबे समय से चल रही चकबंदी प्रक्रिया को जल्द पूरा कराने और चकबंदी विभाग में कर्मचारियों की कमी दूर करने की मांग उठाई गई है। साथ ही रजिस्ट्री के साथ ही भूमि नामांतरण दर्ज करने की भी मांग की गई है।
इस संबंध में पूर्व राज्यमंत्री ठाकुर संजय सिंह ने मुख्यमंत्री और राजस्व सचिव को पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। पत्र में कहा गया कि चकबंदी प्रक्रिया पूरी नहीं होने और विभाग में पर्याप्त कर्मचारियों की तैनाती न होने से ग्रामीणों और किसानों को जमीन से जुड़े कार्यों के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इससे उनके निजी कार्यों और खेती-किसानी पर भी असर पड़ रहा है। उन्होंने चकबंदी विभाग, लक्सर में लंबे समय से चली आ रही स्टाफ की कमी दूर कर अधिकारियों को निर्धारित समय में प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश देने का अनुरोध किया है।
चकबंदी प्रक्रिया के दौरान प्रत्येक गांव में बच्चों के खेलकूद के लिए व्यवस्थित खाली मैदान और कूड़ा निस्तारण के लिए पर्याप्त भूमि छोड़ने की मांग भी की है। उन्होंने कहा कि इससे बच्चों को खेलकूद, व्यायाम और सैन्य भर्ती की तैयारी के लिए स्थान उपलब्ध हो सकेगा।
एक अन्य पत्र में उन्होंने जमीन की रजिस्ट्री के साथ ही राजस्व अभिलेखों में नामांतरण दर्ज कराने की प्रक्रिया को सरल बनाने की मांग की। उन्होंने कहा कि वर्तमान व्यवस्था में नामांतरण में लंबा समय लगने के कारण कई बार जमीन के दोबारा विक्रय और विवाद की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। उन्होंने जनहित में रजिस्ट्री प्रक्रिया के दौरान ही राजस्व अभिलेखों में नाम दर्ज कराने की व्यवस्था लागू करने का अनुरोध किया है।