मंगलौर-लंढौरा मार्ग पर लगातार हो रहे सड़क हादसों को रोकने के लिए मोहल्ला किला निवासी मोहम्मद सुहैल ने स्पीड ब्रेकर बनवाने की मांग की है। उन्होंने सोमवार को मंगलौर के कांग्रेस विधायक काजी निजामुद्दीन को ज्ञापन सौंपकर संबंधित विभाग से जल्द कार्रवाई कराने की मांग की है।
ज्ञापन में सुहैल ने बताया कि मंगलौर-लंढौरा मार्ग काफी व्यस्त रहता है। मार्ग पर व्यावसायिक प्रतिष्ठान होने के कारण दिनभर वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। मार्ग पर स्थित मोड़ के पास तेज रफ्तार वाहनों के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। यहां पहले भी कई हादसे हो चुके हैं जिनमें वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं। उन्होंने कहा कि लगातार हादसों के बावजूद मौके पर वाहनों की गति नियंत्रित करने के लिए कोई ठोस व्यवस्था नहीं है। उन्होंने जनहित में लोक निर्माण विभाग को मार्ग के दोनों ओर स्पीड ब्रेकर बनवाने के निर्देश देने की मांग की। इससे वाहनों की रफ्तार कम होगी और हादसों पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।