नगर पंचायत पिरान कलियर में विद्युत व्यवस्था को शहरी मानकों के अनुरूप लागू कराने की मांग तेज हो गई है। वार्ड तीन के सभासद नाजिम त्यागी ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर क्षेत्र के विद्युत फीडरों के संचालन और बिजली व्यवस्थाओं की जांच कराने की मांग उठाई है।
सभासद ने आरोप लगाया कि नगर पंचायत गठन के बाद पिरान कलियर को शहरी क्षेत्र का दर्जा मिल चुका है लेकिन ऊर्जा निगम अब भी कई फीडरों का संचालन पुरानी ग्रामीण व्यवस्था के अनुसार कर रहा है। इससे उपभोक्ताओं को बिजली कटौती और अन्य समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में उन्होंने बताया कि मई 2023 में ऊर्जा निगम ने भी पिरान कलियर के विद्युत फीडरों को शहरी क्षेत्र में स्थानांतरित किए जाने की आवश्यकता स्वीकार की थी। 11 केवी कलियर और ओल्ड कलियर फीडर से पिरान कलियर, महमूदपुर, दरगाह परिसर और मुकर्रबपुर सहित कई क्षेत्र जुड़े हैं। उन्होंने फीडरों को शहरी मानकों के अनुसार संचालित करने, विभागीय जांच कराने और लंबित प्रकरण का शीघ्र निस्तारण करने की मांग की है। संवाद