रुड़की/भगवानपुर। कई लोगों की कमेटी में लगे करोड़ों रुपये लेकर फरार हुए आरोपी को पुलिस ने गाजियाबाद से गिरफ्तार किया है। आरोपी पुलिस से बचने के लिए गाजियाबाद में पहचान छिपाकर रह रहा था। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट मेें पेश कर जेल भेज दिया है।
सिविल लाइंस कोतवाली में एसएसपी सेंथिल अबुदई कृष्णराज एस ने खुलासा करते हुए बताया कि सचिन कुमार गोयल निवासी भगवानपुर की गोयल इलेक्ट्रिकल के नाम से कस्बे में ही दुकान चलाता था। इस बीच उसने कमेटी का काम शुरू कर दिया। कमेटी में उसने रुड़की और भगवानपुर के कई लोगों को जोड़ा। कुछ माह बाद कमेटी में लोगों की बड़ी रकम जमा हो गई। इसी बीच मोटी रकम देखकर आरोपी के मन में लालच आ गया। इसके बाद वह करीब 25 करोड़ रुपये से अधिक की कमेटी में लगी लोगों की रकम लेकर फरार हो गया। इसकी भनक लोगों को लगी तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। लोगों ने उसकी दुकान पर जाकर हंगामा किया था। 21 दिसंबर 2019 को मुकेश सैनी निवासी भगवानपुर की ओर से तहरीर दी गई थी। इसके आधार पर सचिन कुुमार के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया था। तभी से पुलिस आरोपी की तलाश कर रही थी। इस बीच पुलिस को पता चला कि आरोपी लाजपतनगर, गाजियाबाद में पहचान छिपाकर रह रहा है। बृहस्पतिवार की रात दबिश देकर पुलिस ने उसे गाजियाबाद से गिरफ्तार कर लिया। एसएसपी ने बताया कि सचिन गोयल को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। इस दौरान एसपी देहात एसके सिंह, सीओ मंगलौर अभय सिंह मौजूद रहे।
गिरफ्तारी की सूचना पर थाने पहुंचे लोग
कमेटी की करोड़ों रुपये लेकर फरार हुए आरोपी सचिन गोयल की गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही कमेटी में रकम लगाने वाले बृहस्पतिवार की रात को ही थाने में पहुंचने लगे। लोगों ने पुलिस से आरोपी की जानकारी ली। साथ ही अपनी रकम वापस दिलाने की पुलिस से गुहार लगाई। किसी तरह लोगों को पुलिस ने समझाकर घर भेजा।
पुलिस टीम में ये रहे शामिल
एसओ संजीव थपलियाल, एसआई अशोक कश्यप समेत सिपाही विनोद कुंडलिया, ललित, कुलबीर सिंह रावत।