नारसन बॉर्डर पर अज्ञात वाहन की चपेट में आने से साइकिल सवार की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। व्यक्ति की मौत का पता लगने पर परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
लिब्बरहेड़ी निवासी 55 वर्षीय प्रशांत अपनी साइकिल से शुक्रवार सुबह पुरकाजी की ओर जा रहा था। जैसे ही वह नारसन बाॅर्डर पर पहुंचा तो इस दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उसकी साइकिल में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि प्रशांत ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया।
हादसे की खबर जैसे ही मृतक के घर पहुंची, परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक प्रशांत अपने पीछे पत्नी और तीन बच्चों को रोता-बिलखता छोड़ गया है। इस अचानक हुए हादसे से पूरे लिब्बरहेड़ी गांव में शोक की लहर है।
पुलिस ने बताया कि अज्ञात वाहन चालक की तलाश की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपी वाहन का पता लगाया जा सके। उन्होंने बताया कि पीड़ित परिवार की और से अभी कोई तहरीर नहीं आई है। तहरीर आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।