रुड़की में निरीक्षण के दौरान मीट की दुकानों पर गंदगी मिलने पर चालान काटते नगर निगम व खाद्य सुरक्ष
- फोटो : ROORKEE
नगर निगम और खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मीट की दुकानों का निरीक्षण कर रिकॉर्ड खंगाले। इस दौरान निगम की ओर से कुछ दुकानों पर गंदगी मिलने पर दुकान स्वामियों के चालान काटे। दोबारा गंदगी मिलने पर लाइसेंस निरस्त करने की चेतावनी दी गई।
शुक्रवार को नगर निगम और खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने इमली रोड स्थित मीट की दुकानों पर छापा मारा। छापे की सूचना मिलते ही बहुत से दुकानदार दुकानों को बंद कर इधर उधर हो गए। इस दौरान दुकानों में आने वाले मीट का बिल चेक किया गया और लाइसेंस आदि की जांच की गई। इसके साथ ही नगर निगम की टीम ने सफाई व्यवस्था और कूड़ेदान आदि की जांच की। खाद्य सुरक्षा अधिकारी संतोष कुमार ने बताया कि सभी दुकानों पर लाइसेंस और बिल प्राप्त हुए हैं। इसी बीच कुछ दुकानों पर गंदगी पसरी मिली। मीट भी सही तरीके से ढ़क्कर नहीं रखा गया था। यहां तक कि दुकानों पर कूड़ेदान की भी व्यवस्था नहीं की गई थी। ऐसे दुकानदारों पर नगर निगम ने चालान कर कार्रवाई की है। साथ ही दोबारा गंदगी मिलने पर दुकान का लाइसेंस निरस्त करने की चेतावनी दी गई। इसके अलावा दुकानदारों को स्लाटर हाउस से ही मीट खरीदने के लिए कहा गया। दुकान पर पशु काटने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।
एसडीएम ने ली मीट कारोबारियों की बैठक
भगवानपुर। भगवानपुर एसडीएम ने क्षेत्र के मीट व्यापारियों के साथ बैठक की। एसडीएम संतोष कुमार पांडेय ने डीएम हरिद्वार के दिशा निर्देश पर शुक्रवार को क्षेत्र के मीट व्यापारियों और दुकानदारों के साथ अपने कार्यालय में बैठक कर दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी मीट व्यापारी सरकार के स्लाटर हाउस से ही मीट की खरीद करें। कोई भी दुकानदार पशु या किसी भी जानवर का कटान बिना लाइसेंस के नहीं करे। अगर कोई भी व्यक्ति बिना लाइसेंस के मीट बेचता पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की चेतावनी दी। इस दौरान उन्होंने दुकानों का निरीक्षण कर साफ सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। इस दौरान महमूद, शाकिर, जावेद अख्तर आदि मौजूद रहे।