सीआरपीएफ के जवान और उसकी पत्नी ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों के शवों को नीचे उतारा। पुलिस को घर से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें मानसिक रूप से परेशान होने की बात लिखी है। पुलिस ने दोनों के शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही मामले की जानकारी दोनों के परिजनों को दी। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस तमाम बिंदुओं पर मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, झबरेड़ी कलां गांव निवासी सर्वेश कुमार (38) पुत्र बचन सिंह सीआरपीएफ में तैनात थे। वर्तमान में वह ढंडेरा स्थित अपने घर पर पत्नी मोनी (37) और आठ वर्षीय बेटे शौर्य के साथ रह रहे थे। वर्तमान में उनकी तैनाती असम में थी। सर्वेश कुमार कुछ दिन पहले ही छुट्टी लेकर घर आए थे। बृहस्पतिवार को बेटा शौर्य स्कूल गया था। बताया जा रहा है कि इसी बीच किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया और दोनों ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
आसपास के लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह, एसएसआई प्रमोद कुमार पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने लोगों की मदद से दोनों शव फंदे से नीचे उतारे। साथ ही घटना की जानकारी दोनों के परिजनों को दी। कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि प्रथमदृष्टया दोनों ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। घर से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें मानसिक रूप से परेशान होने की बात लिखी गई है। दोनों के शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों सही पता चल पाएगा।
मां-बाप की मौत से बेटा अनजान
जिस समय पति-पत्नी ने फांसी लगाई, उस समय बेटा शौर्य स्कूल गया था। दोनों की मौत की खबर सुनकर परिजन और रिश्तेदारों का घर पर तांता लगा हुआ था। छुट्टी के बाद बेटा घर पहुंचा तो वह इस बात से अनजान था कि अब उसके मां-बाप इस दुनिया में नहीं है। वहीं, दोनों की मौत से परिजनों और रिश्तेदारों का रो-रोकर बुरा हाल है।