फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मोबाइल शोरूम में लाखों की चोरी

Mon, 04 Jan 2016 12:01 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की
विज्ञापन
विज्ञापन
रुड़की। बेखौफ बदमाशों ने गंगनहर कोतवाली से महज सौ मीटर की दूरी पर एक मोबाइल शोरूम से लाखों का माल गायब कर दिया। रविवार सुबह शोरूम का शटर खोलने पर माल गायब देख पुलिस को जानकारी दी गई। पुलिस फिंगर प्रिंट से लेकर सीसीटीवी की फुटेज खंगाल रही है। शोरूम मालिक का कहना है कि 18 लाख का माल चोरी हुआ है।
विज्ञापन

गणेशपुर पुल के समीप सत्यनारायण मंदिर के बगल में विनय भाटिया का सिटी मोबाइल शॉप के नाम शोरूम है। शोरूम के पीछे की तरफ करीब 100 मीटर के फासले पर ही गंगनहर कोतवाली है। रविवार की सुबह विनय भाटिया का भांजा ध्रुव रोजाना की तरह शोरूम खोलने पहुंचा तो शटर के बीचों बीच हल्का सा घूम देखकर शक हुआ। शटर के दोनों तरफ ताले दुुरुस्त दिखे। इसके बाद जैसे ही शटर खोला, शोरूम के अंदर का नजारा चौंकाने वाला था। फर्श पर बिखरे पड़े खाली डिब्बों से मोबाइल गायब थे।
सूचना पर विनय भाटिया समेत परिजन व व्यापारी शोरूम पर पहुंचे और पुलिस को खबर की। कोतवाली प्रभारी जवाहर लाल ने मौका मुआयना कर घटना की जानकारी ली। कोतवाली के करीब हाईवे पर बिना ताले तोड़े लाखों की चोरी की सूचना पर व्यापारियों ने गश्त पर सवाल उठाए।
विज्ञापन


ताले जस के तस
हैरत की बात यह है कि न शटर के ताले टूटे और न दीवार में सेंध लगी। शटर के बीचों बीच घुमाव से ये माना जा रहा है कि बदमाशों ने शटर की चौड़ाई का फायदा उठाया। उन्होंने मिलकर या किसी वाहन से शटर को बाहर की तरफ खींचा। फर्श से कुछ जगह बनने पर बदमाश अंदर घुसा। निकलने के लिए जगह कम होने के कारण मोबाइलों को डिब्बों से बाहर निकाला गया। इसके बाद फिर से शटर बाहर की तरफ खींचकर बदमाश को साथियों ने बाहर निकाला और फरार हो गए। इससे शटर पर दोनों तरफ ताले भी लगे रहे और लाखों का माल भी साफ कर दिया गया। चोरी की यह तकनीक देखकर व्यापारियों के साथ साथ पुलिस भी हैरत में है।

सीसीटीवी में दिखे संदिग्ध युवक
शोरूम के आस पास लगे सीसीटीवी में तीन संदिग्ध युवक घटना की रात दिखाई दे रहे हैं। तीनों ने शॉल से खुद को ढका हुआ है। हालांकि शटर खोलने या अंदर घुसने जैसी कोई मूवमेंट कैमरे में कैद नहीं हो पाई। माना जा रहा है कि बदमाश आसपास के सीसीटीवी से वाकिफ रहे होंगे। यही वजह है कि उन्होंने शोरूम तक पहुंचने के लिए अगल बगल की दुकानों के चबूतरों का इस्तेमाल किया। जिससे सीसीटीवी में कैद न हो सके।

तो सायरन से आगाह हो रहे चोर
पुलिस का सायरन बदमाशों के कदम रोकने के बजाय उनको आगाह करने के काम आ रहा है। शोरूम में चोरी के बाद व्यापारियों ने यह सवाल भी पुलिस से किया। उनका आरोप था कि पुलिस गश्त के दौरान सिर्फ सायरन से काम चलाती है, इससे चोरी कर रहा बदमाश पहले ही छिप जाता है। पुलिस के जाने के बाद तसल्ली से काम को अंजाम दे देता है।

क्षेत्र में नहीं थम रही वारदातें
गंगनहर कोतवाली क्षेत्र में चोरियां थमने का नाम नहीं ले रही हैं। इससे पहले कि पुलिस पिछली घटनाओं का खुलासा करे, बदमाश फिर वारदात को अंजाम दे रहे हैं। करीब डेढ़ महीने में ही चोरी की लगभग आधा दर्जन से ज्यादा घटनाएं कोतवाली क्षेत्र की अलग-अलग कालोनियों में हो चुकी हैं। इनमें चुनिंदा घटनाओं के ही मुकदमे दर्ज हुए हैं। जबकि चार महीनों में ही चोरी की एक दर्जन से ज्यादा घटनाओं की गुत्थी पुलिस सुलझा नहीं पा रही है।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें