रुड़की। नोएडा और मेरठ पुलिस ने अलग-अलग मामलों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए शहर में छापे मारे। सर्विलांस के जरिये आरोपियों के शहर में छिपे होने की जानकारी यूपी पुलिस को मिली थी। कई इलाकों में दबिश में कोई भी आरोपी पुलिस के हाथ नहीं आ पाया। जिसके बाद टीमें खाली हाथ यूपी लौट गई।
पुलिस के मुताबिक नोएडा में तीन हफ्ते पहले एक युवती का अपहरण हुआ था। पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ फेज टू थाने में मुकदमा दर्ज किया है। फोन लोकेशन के आधार पर आरोपियों के रुड़की में छिपे होने के संकेत मिले थे। गिरफ्तारी के लिए एसआई योगेश कुमार की अगुवाई में नोएडा से एक पुलिस टीम गंगनहर कोतवाली पहुंची। आमद दर्ज कराने के बाद स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर टीम ने गणेशपुर, रामनगर व कृष्णानगर कालोनी समेत कई इलाकों में दबिश दी। लेकिन, कोई सुराग नहीं मिल पाया। इसके अलावा शनिवार देर रात मेरठ पुलिस की एक टीम भी रुड़की गंगनहर कोतवाली पहुंची। हत्या के मामले में फरार आरोपियों की तलाश में टीम ने शेखपुरी, पश्चिमी अंबर तालाब में छापा मारा। लेकिन, मेरठ पुलिस के हाथ भी कुछ नहीं लगा। टीमों को बैरंग लौटना पड़ा।