ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की
विधवा महिला को ऋण दिलाने के नाम पर फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी ने हजारों की ठगी कर ली। महिला ने अपने रुपये वापस मांगे तो उसने देने से इनकार कर दिया। महिला ने कोतवाली में पुलिस को तहरीर देकर रुपये दिलाने की गुहार लगाई है। तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित ढंडेरा निवासी वर्षा के पति की कुछ माह पूर्व मृत्यु हो गई थी। इस बीच महिला को मकान का काम करवाने के लिए पैसों की जरूरत पड़ी। महिला ने गंगनहर कोतवाली क्षेत्र स्थित फाइनेंस कंपनी के कार्यालय पहुंचकर ऋण लेने की बात की। एक कर्मचारी ने महिला को ऋण दिलाने का भरोसा दिलाया। साथ ही उससे पूरे कागज और ऋण दिलवाने के एवज में 30 हजार रुपये देने की बात कही। महिला ने किसी से उधार लेकर कर्मचारी को 30 हजार की रकम दे दी। इसके बाद कर्मचारी ने एक महीने बाद ऋण मिलने की बात कही। महिला एक महीने बाद कार्यालय पर पहुंची और ऋण दिलवाने की बात कही। आरोप है कि इस पर कर्मचारी और रुपये मांगने लगा। महिला ने रुपये देने से इनकार कर दिया और अपने 30 हजार रुपये वापस मांगे। आरोप है कि कर्मचारी ने रुपये देने से इनकार कर दिया। कोतवाली प्रभारी प्रदीप बिष्ट ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। कर्मचारी को बुुलाकर जानकारी ली जाएगी।