लक्सर। मुंडाखेड़ा खुर्द गांव में भूमि की पैमाइश के दौरान चकबंदी व राजस्व विभाग की टीम पर फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने जांच में प्रथमदृष्ट्या आरोप सही पाए गए है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है। वहीं आरोपी ने अपनी गिरफ्तारी से बचने के लिए हाईकोर्ट में याचिका दायर की है।
गौरतलब है कि लक्सर कोतवाली क्षेत्र के मुंडाखेड़ा खुर्द गांव के प्रदीप कुमार ने पिछले दिनों तहसील अधिकारियों से शिकायत कर अपने खेत की पैमाइश करने की मांग की थी। शुक्रवार को चकबंदी व राजस्व विभाग की संयुक्त टीम मौके पर गई थी। इस बीच गांव के ही दूसरे पक्ष ने मौके पर पहुंच कर पैमाइश का विरोध किया। संयुक्त टीम के कार्यवाही जारी रखने पर पहले आरोपी ने धक्का-मुक्की और उसके बाद फायरिंग कर दी। गोलीकंड में एक कर्मचारी घायल होने से बाल-बाल बचा। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुंडा खेड़ा खुर्द गांव निवासी जरनैल सिंह पुत्र नामालूम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था। मामले की जांच पड़ताल कर रहे कोतवाली के दरोगा शहजाद सिंह ने बताया कि पुलिस द्वारा की गई प्रारंभिक जांच में मौके पर आरोपी द्वारा फायरिंग किए जाने की घटना की पुष्टि हो गई है। उन्होंने बताया कि आरोपी द्वारा पैमाइश कर रही टीम से कुछ दूरी पर फायरिंग की गई थी। उन्होंने बताया कि जल्दी आरोपी को गिरफ्तार की जाएगी।