ब्यूरो/अमर उजाला, लक्सर
दहेज में 50 हजार रुपये की मांग पूरी नहीं करने पर ससुरावालों ने विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाल दिया। आरोप है कि शिकायत के बाद भी लक्सर कोतवाली पुलिस ने मामले में कोई कार्रवाई नहीं की तो पीड़िता ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। इसके बाद कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने पति सहित ससुराल पक्ष के चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
लक्सर कोतवाली क्षेत्र के बहादुरपुर गांव निवासी बुद्ध सिंह ने एसीजेएम कोर्ट लक्सर में प्रार्थना पत्र देकर बताया था कि उन्होंने अपनी बेटी राधा की शादी 21 अप्रैल 2015 को रुड़की के ढंडेरा निवासी कुलदीप सिंह पुत्र शेर सिंह के साथ की थी। आरोप है कि राधा के ससुराल वाले कम दहेज लाने की बात कहते हुए उसे परेशान करते चले आ रहे थे। आरोप है कि उसका पति अप्रैल 2016 में उनकी बेटी को यह कहकर मायके छोड़ गया कि जब तक दहेज में 50 हजार की मांग पूरी नहीं हो जाती, वह राधा को लेकर नहीं जाएंगे। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने पति कुलदीप, सास कमला, ननद कुंती और पूजा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।