ब्यूरो/अमर उजाला, लक्सर
गन्ने की पत्ती जला रहे किसान के खेत से उठी चिंगारी से तीन किसानों की गन्ने की फसल जलकर राख हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे सैकड़ों ग्रामीणों ने घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से किसानों की लाखों रुपये की फसल को नुकसान हुआ है।
मुंडाखेड़ा कलां गांव निवासी धर्मपाल, रामगोपाल और कीरतपाल के खेत जैतपुर गांव के निकट हैं। बताया जाता है कि रविवार को मुंडाखेड़ा कलां गांव का एक किसान अपने गन्ने के खेत में पड़ी पत्ती जला रहा था। लेकिन, इसी बीच उसके खेत से उठी चिंगारी पड़ोस में खड़े किसान के गन्ने के खेत तक पहुंच गई। इससे कीरतपाल के गन्ने के खेत में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया आग ने धर्मपाल और रामगोपाल के गन्ने के खेत को भी अपनी चपेट में ले लिया। अग्निकांड सूचना पाकर मुंडाखेड़ा कला और जैतपुर गांव के सैकड़ों ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और घंटों मशक्कत कर आग पर काबू पाया। लेकिन, तब तक किसानों का करीब दो लाख से अधिक कीमत का गन्ना जलकर राख हो चुका था। किसानों का कहना है कि उन्होंने अपने खेतों में गन्ने की बुवाई करने के लिए बीज के लिए गन्ना रोका था।