ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की/चुड़ियाला
जहरीली शराब पीने वाले एक और ग्रामीण की मौत हो गई। तबीयत खराब होने के बाद से ही ग्रामीण का ऋषिकेश एम्स में इलाज चल रहा था। ग्रामीण की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। इसके साथ ही जहरीली शराब से मरने वालों का आंकड़ा 44 पहुंच गया है।
जहरीली शराब पीने से होने वाली मौतों का सिलसिला जारी है। झबरेड़ा क्षेत्र के भलस्वागाज, बिंडुखड़क और बाल्लुपुर समेत कई गांवों में जहरीली शराब ने आठ फरवरी को जमकर कहर बरपाया था। जहरीली शराब पीने से कई ग्रामीणों की मौत हो गई थी जबकि दो ग्रामीण अपनी आंखों की रोशनी भी खो चुके हैं। कई का अब भी अलग-अलग अस्पतालों में उपचार चल रहा है। सोमवार रात को भी जहरीली शराब पीने के बाद हालत सुधरने पर अस्पताल से घर लौटे बिंडुखड़क निवासी कुशल पाल की मौत हो गई थी। इसके बाद मंगलवार रात भी बिंडुखड़क निवासी विकास कुमार (40) पुत्र हरपाल सिंह की एम्स में उपचार के दौरान मौत हो गई। जहरीली शराब पीने से तबीयत खराब होने के बाद से ही विकास का एम्स ऋषिकेश में उपचार चल रहा था। विकास की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया तो ग्रामीणों में दहशत फैल गई। एसओ झबरेड़ा कमल मोहन भंडारी ने बताया कि एम्स में उपचार के दौरान विकास की मौत हो गई। इसकी जानकारी उच्चाधिकारियों को उपलब्ध करा दी गई है। उधर, जहरीली शराब से मरने वालों का आंकड़ा 44 पहुंच गया है। लगातार हो रही मौतों ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की चिंता बढ़ा दी है।
मृतकों के परिवारों के भरे गए पेंशन फार्म
चुड़ियाला। झबरेड़ा क्षेत्र में जहरीली शराब से मरने वालों के परिवारों की पेंशन के लिए बिंडुखड़क गांव में शिविर लगाकर प्रशासनिक और समाज कल्याण अधिकारियों की देखरेख में फार्म भरे गए। बुधवार को एसडीएम भगवानपुर दीपेंद्र नेगी और समाज कल्याण अधिकारी दीपराज अग्निहोत्री टीम के साथ बिंडुखड़क पहुंचे। यहां टीम की तरफ से मृतकों के परिवारों को लाभ दिलाने के लिए पेंशन शिविर लगाया गया। शिविर में टीम ने मृतकों के परिवार को पेंशन संबंधी जानकारी दी। साथ ही पेंशन के लिए जरूरी कागजी कार्रवाई पूरी करवाई। एसडीएम दीपेंद्र नेगी ने बताया कि गांव में शिविर लगाकर 25 मृतकों के परिवारों के पेंशन फार्म भरवाए गए हैं। अन्य मृतकों के परिवारों के पेंशन फार्म भी भरवाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि पेंशन फार्म जमा होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
आरोपी सचिन और अमित का रिमांड खत्म
रुड़की। जहरीली शराब कांड में आरोपी सचिन और अमित गुप्ता रिमांड खत्म होने के बाद पुलिस ने उन्हें जेल में शिफ्ट कर दिया। आरोपियों ने पूछताछ में केमिकल खरीदने से लेकर बेचने तक की पुलिस को जानकारी दी। झबरेड़ा थाना क्षेत्र के कई गांवों में आठ फरवरी को जहरीली कच्ची शराब पीने से कई ग्रामीणों की मौत हो गई थी। पुलिस ने जहरीली शराब से जुड़े नौ लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। साथ ही केमिकल से शराब बनाने वाले आरोपी डाडली निवासी अर्जुन को गिरफ्तार कर केमिकल संबंधी जानकारी ली थी। पूछताछ में उसने केमिकल सचिन गुप्ता और अमित गुप्ता से खरीदने की बात कही थी। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। रविवार को पुलिस ने कोर्ट से 48 घंटे का रिमांड मंजूर होने पर पूछताछ की थी। एसओ झबरेड़ा कमलमोहन भंडारी ने बताया कि आरोपियों का मंगलवार शाम को रिमांड खत्म हो गया है। आरोपियों ने पूछताछ में केमिकल कहां से खरीदा था, इसकी जानकारी दी है। साथ ही कई अन्य लोगों के बारे में पता चला है।