लक्सर। बैंक से एक ट्रांसपोर्टर कारोबारी का करीब दो लाख रुपये से भरा बैग चुरा लिया। खोजबीन के दौरान ट्रांसपोर्टर के मोबाइल पर किसी ने फोन किया कि उन्हें बैग मिला है। पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे ट्रांसपोर्टर ने बैग लिया, लेकिन उससे एक लाख 40 हजार रुपये गायब थे। पचास हजार की नगदी बैग में ही पड़ी थी। तहरीर पर पुलिस वीडियो फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान में जुट गई है।
जपपद बिजनौर के नजीबाबाद निवासी जीशान पुत्र नौशाद लक्सर स्थित एक फैक्ट्री में ट्रांसपोर्ट का काम करता है। मंगलवार को उसने लक्सर कस्बे स्थित स्टेट बैंक की शाखा से एक लाख नब्बे हजार रुपये निकाले थे। इसके बाद वह बैंक में अकाउंटेंट के पास खड़ा होकर किसी खाते में एनएफटी करवा रहा था। इसी बीच किसी ने उसका बैग चुरा लिया। उसने बैग की काफी तलाश की, लेकिन कहीं पता नहीं चला। जिशान ने इसकी जानकारी बैंक अधिकारियों व पुलिस को दी। इसी बीच कस्बे के एक युवक को शुगरमिल के पास एक बैग पड़ा दिखा। उसने बैग में पड़े कागज में लिखे फोन नंबर पर कॉल कर बताया कि एक बैग उसे मिला है। इसकी जानकारी मिलते ही जीशान पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गया और कस्बे के युवक ने उसका बैग लौटा दिया। जीशान के मुताबिक चोरों ने उसके बैग में रखी एक लाख नब्बे हजार रुपये में से एक लाख 40 हजार रुपये चुरा लिए हैं। जबकि 50 हजार रुपये सुरक्षित उसके बैग में हैं। जिशान ने घटना की तहरीर पुलिस को दी है। कोतवाल अमर चंद शर्मा ने बताया की बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान की जा रही है।