अमर उजाला ब्यूरो
मंगलौर। यूपी के बुढ़ाना (मेरठ) से टैक्सी किराये पर लेकर मंगलौर क्षेत्र पहुंचे बदमाश ने चालक से तमंचे के बल पर टैक्सी और मोबाइल लूटकर फरार हो गए। चालक ने मंगलौर कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बुढ़ाना मेरठ निवासी अनवार ने मंगलौर कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि वह बुढ़ाना में निशान कार टैक्सी के रूप में संचालित करता है। बुढ़ाना में ही तीन युवकों ने मंगलौर से एक लड़की को लाने के लिए टैक्सी बुक कराई। उसके बाद वह शनिवार सुबह तीनों युवकों को लेकर मंगलौर के लिए रवाना हुआ। मुजफ्फरनगर के पास रास्ते में दो युवक टैक्सी से उतर गए। जबकि एक युवक टैक्सी में सवार रहा। मंगलौर पहुंचने पर टैक्सी में सवार युवक ने उसे मुंडलाना गांव चलने को कहा। शनिवार की दोपहर के समय जब वह युवक के कहने पर मुंडलाना की ओर आमखेड़ी मार्ग पर पहुंचा तो टैक्सी में सवार युवक ने उसे रुकने के लिए कहा। गाड़ी रोकने पर वह नीचे उतरकर पेशाब करने लगा। तभी युवक ने उसकी कनपटी पर तमंचा तान दिया और उससे गाड़ी व मोबाइल छीनकर फरार हो गया। इसके बाद अनवार कोतवाली मंगलौर पहुंचा और घटना के बाबत तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी। कोतवाल गिरीश चंद शर्मा ने बताया कि मामले में एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है।