ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की
खुद की शादी बताकर एक युवक ने रिश्तेदार से एक लाख रुपये की ठगी कर ली। रिश्तेदार ने युवक से पैसे वापस मांगे तो उसने देने से इंकार कर दिया। रुपये देने का दबाव बनाने पर युवक ने रिश्तेदार के साथ गाली गलौज करते हुए उसे भगा दिया। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित ढंडेरा निवासी कृष्ण सैनी ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि गंगनहर कोतवाली क्षेत्र स्थित एक गांव निवासी एक रिश्तेदार युवक को कुछ माह पहले एक लाख रुपये उधार दिए थे। आरोप है कि युवक ने रुपये उधार लेते वक्त बताया था कि उसकी शादी होने वाली है, जिसके लिए उसे पैसों की जरूरत है। युवक ने शादी के कुछ दिन बाद रुपये वापस करने का वादा किया था। आरोप है कि शादी के कई दिन बीत जाने के बाद भी उसने रुपये वापस नहीं किए। वह युवक के घर रुपये लेने गया तो उसने कुछ समय और मांगा। आरोप है कि कुछ समय बाद वह दोबारा उसके घर रुपये लेने पहुंचा तो वह बहाने बाजी करने लगा। कई बार रुपये मांगने के बाद भी उसने कोई जवाब नहीं दिया। आरोप है कि वह बृहस्पतिवार को उसके घर रुपये मांगने गए थे, लेकिन उसने इंकार कर दिया। साथ ही रुपये मांगने पर गाली गलौज करते हुए अभद्रता कर दी। पीड़ित ने युवक पर ठगी का आरोप लगाते हुए रुपये वापस दिलाने की गुहार लगाई है। कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है।