अमर उजाला ब्यूरो
लक्सर। महाराजपुर खुर्द गांव में पांच लोगों ने राशन डीलर व उसके बेटे को मारपीट कर घायल कर दिया। इतना ही नहीं हमलावरों ने डीलर का स्टॉक रजिस्टर व अन्य दस्तावेज भी फाड़ डाले। राशन डीलर की तहरीर पर पुलिस ने पांच हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
इस्माइलपुर गांव निवासी बलवीर पुत्र चंदू ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वह गांव में राशन डीलर है। उसने बताया कि उसके गांव की दुकान कुछ दिनों से महाराजपुर खुर्द गांव की दुकान से अटैच चल रही है। बलवीर का कहना है कि वह अपने बेटे और नौकर के साथ मिलकर महाराजपुर खुर्द गांव में राशन वितरण कर रहा था। इसी बीच गांव के ही पांच लोग लाठी-डंडों से लैस होकर दुकान पर आ गए तथा उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। जब उसके बेटे ने विरोध किया तो उन्होंने उसके साथ भी मारपीट की। उसका आरोप है कि हमलावरों ने उनके साथ मारपीट करने के साथ-साथ दुकान का स्टॉक रजिस्टर व सरकारी दस्तावेज भी फाड़ डाले। एसएसआई हरिओम राज चौहान ने बताया कि तहरीर के आधार पर विवेशपाल पुत्र नरेंद्र, अंकित पुत्र अभयराम, सुरेश पुत्र प्रीतम, संदीप पुत्र संतोष, व अर्जुन पुत्र नरेंद्र निवासी महाराजपुर खुद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।