रुड़की। गिरफ्तारी पर भड़के मेयर समर्थकों और पुलिस के बीच कई बार टकराव के आसार बने। स्थिति पर काबू पाने के लिए पुलिस को एडी चोटी का जोर लगाना पड़ा। इधर मेयर अपने समर्थकों से हर बार ही शांति बनाए रखने की अपील करते रहे।
गिरफ्तारी के बाद से मेयर समर्थकों और कांग्रेस नेताओं का जमावड़ा गंगनहर कोतवाली में लग गया था। इस दौरान समर्थक मेयर के इशारे का इंतजार करते रहे, लेकिन मेयर को जहां मौका मिला वहीं समर्थकों से शांति बनाएं रखने की अपील की। पुलिस जैसे ही मेयर को कोतवाली से बाहर लेकर निकली तो समर्थकों का जोश सातवें आसमान पर था। गंगनहर कोतवाली मेयर के समर्थन में नारों से गूंज उठी। इसी दौरान कुछ समर्थक पुलिस की गाड़ी के सामने लेटकर विरोध करने लगे। इस दौरान मेयर ने समर्थकों से शांति बनाए रखने की अपील की। कोर्ट के बाहर मीडिया द्वारा पूछे गए सवाल पर भी मेयर यशपाल राणा ने कहा कि प्रशासन अपना काम कर रहा है। मेयर के जेल जाने के बाद समर्थकों ने जेल के सामने भी जाम लगा दिया। इस दौरान पुलिस ने सख्ती कर समर्थकों को तितर-बितर किया। कुछ समर्थक मेयर के घर पहुंच गए और परिजनों से बाजार बंद कराने का आह्वान किया, लेकिन यहां मेयर के भाई ने समर्थकों को शांति रहने की हिदायत दी। कोतवाली में एसपी देहात मणिकांत मिश्रा और समर्थकों में भी जमकर तूतू-मैंमैं हुई। इस दौरान पहले तो एसपी देहात चुपचाप बातें सुनते रहे, लेकिन जब समर्थक शांत नहीं हुए तो वह भी भड़क गए। जैसे ही एसपी देहात ने बोलना शुरू किया तो कुछ समर्थक और भड़क गए। स्थिति नाजुक बनती देख अन्य अधिकारियों के हस्तक्षेप पर मामला शांत हुआ। पूरे प्रकरण के दौरान पुलिस और समर्थकों में कई बार टकराव के आसार बने।