मुजफ्फरनगर। एक माह पहले मंसूरपुर ईदगाह में मिला युवती का शव दिल्ली के उत्तम नगर निवासी प्रीति उर्फ कविता का था। प्रीति बार डांसर थी। उसकी हत्या उसके ही पति ने की थी। इतना ही नहीं हत्यारोपी पति ने अपने दोस्त के साथ मिलकर पत्नी और दो माह की मासूम बेटी की भी हत्या कर शव को नाले में फेंक दिया था।
एसपी सिटी ओमवीर सिंह ने पत्रकारों को इस सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड के खुलासे की जानकारी दी। बताया कि तीन फरवरी को मंसूरपुर ईदगाह में एक युवती का शव बरामद हुआ था। इस संबंध में अज्ञात में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। रविवार को मंसूरपुर इंस्पेक्टर केपीएस चाहल ने एक जानकारी के आधार पर खारा कुआं मंसूरपुर निवासी इनाम पुत्र उजेर को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपी ने सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड का खुलासा करते हुए बताया कि मृतका उसकी पत्नी प्रीति उर्फ कविता पुत्री कर्मवीर निवासी उत्तम नगर दिल्ली थी। उसने अपने दोस्त रियाज शाह पुत्र जमाल शाह निवासी संयोग विहार जेजे कालोनी, उत्तम नगर, दिल्ली के साथ मिलकर प्रीति के अलावा अपनी दो माह की मासूम बेटी आयशा की भी हत्या की थी। पुलिस ने सोमवार को दूसरे हत्यारोपी रियाज शाह को भी गिरफ्तार कर लिया। उधर, हत्यारोपी इनाम ने पुलिस को बताया कि प्रीति से उसकी मुलाकात दिल्ली के एक बार में हुई थी, जहां वह डांस किया करती थी। दोनों के बीच प्रेम हो गया और करीब दो साल पहले दोनों ने लव मैरिज कर ली।
परिजनों ने प्रीति को बहू नहीं स्वीकारा
मुजफ्फरनगर। आरोपी ने पुलिस को बताया कि प्रीति उसे शराब पीने से रोकती थी और इसी बात को लेकर उसके साथ झगड़ा करती थी, जिससे वह तंग आ गया था। उसके परिवार वाले भी प्रीति के हिंदू होने के कारण इस शादी को लेकर खुश नहीं थे। वह अपनी पत्नी प्रीति उर्फ कविता से छुटकारा चाहता था, जिसके चलते उसने अपने साथी रियाज शाह के साथ मिलकर हत्या करने की योजना बनाई।
ट्रेन से धक्का देकर मारना चाहता था
मुजफ्फरनगर। पुलिस के अनुसार हत्यारोपियों ने प्रीति को ट्रेन से फेंककर मार डालने की योजना बनाई थी। इनाम ने प्रीति से कहा कि वह उसे अपने परिजनों से मिलवाने जा रहा है, क्योंकि परिजन अब राजी हो गए हैं। योजना के मुताबिक 31 जनवरी को इनाम अपने दोस्त के साथ प्रीति उर्फ कविता और मासूम बेटी आयशा को साथ लेकर दिल्ली से ट्रेन में सवार हुए। मगर ट्रेन में भीड़ होने के कारण वह प्रीति को ट्रेन से धक्का नहीं दे सका। रेलवे स्टेशन नरा-जड़ौदा पर आकर वह ट्रेन से उतर गए और पैदल ईदगाह मंसूरपुर पहुंचे।
गला घोंटकर मारा मां-बेटी को
मुजफ्फरनगर। मंसूरपुर ईदगाह पर आकर इनाम ने पत्नी प्रीति से कहा कि यहां अल्लाह से दुआ मांगकर ही गांव में जाएंगे। इसके बाद वह ठेके पर गया और वहां से शराब लेकर आया। ईदगाह के पास इनाम और रियाज ने शराब पी। इसके बाद पत्थर से प्रीति के सिर में चोट मारकर उसे बेहोश कर दिया और उसी की चुन्नी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। प्रीति की हत्या के बाद वहशी बने इनाम ने अपनी दो माह की मासूम बेटी आयशा को भी गला दबाकर मार डाला। प्रीति के कपड़े उतारकर एक खेत में छुपा दिए और उसका शव ईदगाह में छोड़ दिया, जबकि आयशा के शव को नाले में फेंक दिया। इसके बाद इनाम बुआ के यहां बलीपुरा मीरापुर चला गया और रियाज शाह दिल्ली लौट गया।