ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की
मेरठ जेल में बंद अंतरराज्यीय बाइक चोर गिरोह के सरगना को उत्तर प्रदेश पुलिस कड़ी सुरक्षा के बीच रुड़की कोर्ट में पेशी पर लेकर पहुंची। पुलिस टीम के सभी सिपाहियों के हाथों में एक-47 थी और सरगना के आसपास भटकने वालों को सिपाही दूर भगा रहे थे।
मेरठ पुलिस ने करीब दो वर्ष पूर्व अंतरराज्यीय बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया था। पुलिस ने चोरी की दर्जनों बाइक के साथ गिरोह के सदस्य और सरगना पप्पू को गिरफ्तार किया था। पुलिस पूछताछ में गिरोह के सरगना ने पश्चिमी यूपी, दिल्ली और उत्तराखंड समेत कई राज्यों में बाइक चोरी की वारदात कबूली थी। मेरठ पुलिस को पता चला था कि गिरोह का सरगना बहुत शातिर दिमाग है और उसने दिल्ली पुलिस की कस्टडी से भागने का प्रयास भी किया था। बाइक चोरी के मामले में शुक्रवार को सरगना पप्पू की रुड़की कोर्ट में पेशी थी। मेरठ पुलिस कड़ी सुरक्षा के बीच उसे रुड़की लेकर पहुंची। इस दौरान एके-47 की पुलिस सुरक्षा के बीच बाइक चोरी के आरोपी को देख लोग हैरत में पड़ गए। करीब आधा दर्जन सिपाहियों की सुरक्षा में उसे पेश किया गया। एसएसआई रणजीत तोमर ने बताया कि शुक्रवार को बाइक चोर गिरोह के सरगना की पेशी थी, लेकिन यहां की पुलिस को उसकी कोई सूचना नहीं दी गई थी।