ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की
लापता आईआईटी की छात्रा हैदराबाद में मिल गई है। पुलिस व परिजन छात्रा को लेने हैदराबाद के लिए रवाना हो गए हैं।
कानपुर देहात के एक कस्बे की छात्रा रुड़की आईआईटी से एमटेक कर रही थी। करीब एक सप्ताह पूर्व वह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। इससे आईआईटी प्रशासन में भी अफरातफरी की स्थिति थी। सूचना पर परिजन भी रुड़की पहुंच गए थे। इस बीच आईआईटी प्रशासन ने कोतवाली में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई। तभी से पुलिस छात्रा की तलाश कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को पता चला कि छात्रा हरिद्वार की ओर जाने वाली एक बस में बैठी है, लेकिन कहीं पता नहीं चला। इसके बाद पुलिस ने छात्रा की ओर से गूगल पर आखिरी बार सर्च की जानकारी जुटाई। पता चला कि छात्रा ने हैदराबाद के एक अस्पताल को आखिरी बार सर्च किया था। पुलिस ने अस्पताल से छात्रा के बारे में मोबाइल पर जानकारी ली। पता चला कि छात्रा अस्पताल में आई थी। एसएसआई अभिनव शर्मा ने बताया कि छात्रा हैदराबाद में रह रही हैं। उसे लाने के लिए पुलिस टीम व परिजन रवाना हो गए हैं।