बबराला/गुन्नौर। बैंक से रुपये निकाल कर घर वापस लौट रहे एक युवक से बाइक सवार बदमाशों ने तमंचे के बल पर 60 हजार रुपये लूट लिए। शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। घटना की तहरीर गुन्नौर पुलिस को दी गई है।
कोतवाली गुन्नौर क्षेत्र के गांव डूंडाबाग का महमूद अली मंगलवार की सुबह को बदायूं जनपद के कस्बा सहसवान में स्थित भारतीय स्टेट बैंक गया था। जहां से उसने 60 हजार रुपये निकाले और घर वापस आ रहा था। सहसवान से गुन्नौर तक रोडवेज में सवार होकर आया। कस्बा गुन्नौर की पुलिया से गांव जाने के लिए टेंपो में सवार हो गया। यहां से दो किलोमीटर दूर चलने के बाद वह गांव जाने वाली रास्ता पर उतरा ही था कि करीब तीन बजे पीछे से एक बाइक पर सवार दो बदमाश आए और उसकी कनपटी पर तमंचा रखकर बैग छीन लिया। बदमाशों ने शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी और वापस पीछे की ओर भाग गए। जिसके बाद पीड़ित युवक ने गुन्नौर कोतवाली में जाकर पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस मामले को जांच में जुटी है।