अमर उजाला ब्यूरो
लक्सर। पुलिस और परिवहन विभाग की मिलीभगत से ओवरलोडेड खनन के वाहन दौड़ रहे हैं। बावजूद इसके ओवरलोड खनन सामग्री से लदे बड़े डंपरों पर शिकंजा नहीं कसा जा रहा है। ओवरलोड वाहनों से सड़कों को भी नुकसान पहुंच रहा है।
नियमों को ताक पर रखकर सैकड़ों क्विंटल खनन सामग्री से लदे वाहनों से सड़कों को भी नुकसान हो रहा है। बावजूद इसके पुलिस और परिवहन विभाग इस पर नियंत्रण नहीं कर पा रही है। ज्यादातर आवेरलोडेड वाहन सुबह तीन से सात बजे के बीच गुजरते हैं। भोगपुर से ओर से आने वाले वाहन गांवों के संपर्क मार्गों से गुजर रहे हैं। बालावाली के पुल से भी भारी संख्या में खनन के डंपर व ट्रैक्टर ट्राली निकल रहे हैं। बालावाली चौकी पर तैनात पुलिस इन पर कोई कार्रवाई नही करती। माफियाओं की ओर से उत्तर प्रदेश के बिजनौर नजीबाबाद वह मेरठ क्षेत्र में खनन सामग्री पहुंचाई जा रही है।
फर्जी रवन्ने पर लाए जा रहे हैं खनन से लदे वाहन
बताया जा रहा है कि खनन के ओवरलोडेड वाहन फर्जी रवन्ने पर आ रहे हैं। रवन्ने पर चालक का नाम, समय और वजन आदि की जानकारी होनी चाहिए, लेकिन कोई जानकारी नहीं होती है। इस तरह काफी वाहन अवैध रूप से खनन लग रहे हैं।
समय- समय पर ओवरलोड और अवैध खनन के खिलाफ अभियान चलाया जाता है। लापरवाही बरतने वाले को किसी भी कीमत पर नहीं बख्शा जाएगा।
कौस्तुभ मिश्र, एसडीएम लक्सर