अमर उजाला ब्यूरो
रुड़की। दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो महिलाओं की मौत हो गई है। इनमें से एक महिला की मौत भाजपा नेता की बोलेरो गाड़ी से कुचलने से हुई। जबकि दूसरी महिला की मौत अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आने से हुई है। हादसे के बाद भाजपा नेता का चालक गाड़ी मौके पर छोड़कर भाग निकला। उसके बाद पुलिस ने नेता की गाड़ी कब्जे में ली है।
पश्चिमी अंबर तालाब निवासी 60 वर्षीया सुमित्रा देवी पत्नी कैलाश चंद रविवार सुबह नेहरू स्टेडियम के पास से पैदल जा रही थी। इसी बीच वह बोलेरो की चपेट में आ गई। घायल सुमित्रा को राहगीरों ने आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर गंगनहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और भाजपा नेता की गाड़ी कब्जे में ली। पुलिस ने पंचनामा भर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाल अमर चंद शर्मा का कहना है कि पीड़ित परिजनों की तहरीर पर कार्रवाई की जाएगी।
दूसरी घटना हरिद्वार रोड स्थित पोलारिस होटल के समीप हुई। यहां ट्रक ने एक अज्ञात बुजुर्ग महिला को कुचल दिया। जिसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर खड़े ट्रक चालक ने बताया कि वह जाम के चलते कुछ देर से इसी स्थान पर खड़ा है। ट्रक की चपेट में आने से महिला की मौत नहीं हुई है। किसी अन्य वाहन की चपेट में आने से महिला की मौत हुई है। हादसे की जानकारी पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे लेने के साथ ही चालक को हिरासत में लिया। कोतवाल ऐश्वर्य पाल ने बताया कि मृतक महिला की शिनाख्त नहीं हो पाई है। जांच में यह बात निकलकर सामने आई है कि महिला भीख मांगकर गुजर-बसर करती थी।