अमर उजाला ब्यूरो
रुड़की। तिरंगा यात्रा के दौरान सांसद और खानपुर विधायक समर्थकों में हुई मारपीट के मामले में जिला पंचायत की ओर से विधायक और उनके समर्थकों के खिलाफ दर्ज कराए गए मुकदमे की जांच एसएसपी ने लक्सर सीओ से हटाकर सीओ ट्रैफिक को सौंप गई है। जबकि जिला पंचायत आदि लोगों के खिलाफ दर्ज हुए मामले की जांच पहले से ही खानपुर सीओ कर रहें हैं।
खानपुर क्षेत्र में 19 अगस्त को तिरंगा यात्रा के दौरान खानपुर विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन व निशंक के समर्थकों में मारपीट हो गई थीं। इसमें जिला पंचायत रजनीश रमन ने खानपुर थाने में मुकदमा दर्ज करते हुए आरोप लगाया था कि विधायक चैंपियन के कहने पर ओमकार, जंगी भाटी, पदम एवं जितेंद्र ने उस पर हमला करते हुए जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया था। उसके बाद पुलिस ने विधायक सहित कई के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। दूसरी ओर विधायक समर्थक पूर्व जिला पंचायत सदस्य पप्पू सिंह आजाद ने आरोप लगाया था कि जिला पंचायत रजनीश, रफल सिंह, मांगेराम व कुछ अन्य लोगों ने उसके साथ मारपीट करते हुए चेन लूट ली। उसके बाद पुलिस ने क्रास मुकदमा दर्ज किया था। रजनीश पक्ष की ओर से विधायक आदि के खिलाफ दर्ज कराए मुकदमे की जांच सीओ लक्सर चंदन सिंह बिष्ट को सौंपी गई थीं। दूसरे मुकदमे की जांच खानपुर सीओ को दी थी, लेकिन एसएसपी ने विधायक आदि लोगों के खिलाफ दर्ज मुकदमे की जांच लक्सर सीओ से बदलकर सीओ ट्रैफिक को सौंपी है। दूसरे मामले की जांच खानपुर एसओ कर रहें है। सीओ लक्सर चंदन सिंह बिष्ट ने मामले की पुष्टि की है।