ब्यूरो/अमर उजाला, मंगलौर। नमाज पढ़कर मस्जिद से बाहर निकल रहे एक नमाजी के ऊपर किसी ने पानी से भरा गुब्बारा फेंक दिया। इसे लेकर दो पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों में जमकर पथराव हो गया। सूचना मिलते ही कस्बा चौकी प्रभारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामला शांत कराने का प्रयास किया। इस बीच किसी ने उनपर भी पत्थर फेंक दिया और वह लहूलुहान हो गया। इसके बाद पुलिस ने लाठियां फटकारकर लोगों को खदेड़ा। इस दौरान दो महिला समेत चार लोग भी घायल हो गए। हालांकि अभी तक किसी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं आई है। पुलिस ने दोनों पक्षों के कुछ लोगों को हिरासत में लिया है। तनाव का माहौल देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
बुधवार की रात करीब दस बजे कस्बे स्थित मस्जिद में नमाज पढ़ने के बाद लोग मस्जिद से बाहर निकल रहे थे। इस बीच असामाजिक तत्वों ने पानी से भरा गुब्बारा उछाल दिया जो, एक नमाजी के ऊपर गिर गया। इसे लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते दोनों पक्ष की ओर से लोग जुटने लगे और झड़प शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों ओर से पथराव शुरू हो गया। लोगों ने कांच की बोतल भी फेंकी। विवाद की सूचना मिले ही कस्बा चौकी प्रभारी आमिर खान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पथराव कर रहे लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर पथराव करते रहे। पुलिस ने दोनों पक्षों को बहुत देर तक समझाने का प्रयास किया, लेकिन पथराव जारी रहा। इस बीच पुलिस ने लाठियां फटकारकर लोगों को खदेड़ना शुरू किया। इस बीच मामला कुछ शांत हुआ तो किसी ने एक पत्थर फेंक दिया। पत्थर चौकी प्रभारी के सिर में आकर लगा और वह लहूलुहान हो गए। सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी प्रदीप चौहान भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को काबू किया। इस दौरान पथराव में जुबैर पुत्र यासीन, तरन्नुम पुत्री यासीन, इसराना पुत्री इस्लाम व शमशीदा पत्नी इस्लाम भी घायल हो गई। इसराना की हालत गंभीर देखते हुए हायर सेंटर रेफर किया गया है। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच दो दिन पहले भी किसी बात को लेकर पथराव हुआ था। उस दौरान मोहल्ले के लोगों ने आपस में समझौता करा दिया था। उधर, कस्बा चौकी प्रभारी आमिर खान का कहना है कि अभी किसी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं आई है। तहरीर आने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। पुलिस की ओर से 30 लोगों को बलवे में शामिल होने पर चिह्नित किया गया है। वहीं, दोनों पक्षों के बीच तनाव के देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।