ब्यूरो/अमर उजाला, लक्सर
बहादरपुर खादर में जमीनी विवाद में दो पक्षों के बीच जमकर संघर्ष हुआ। इस दौरान दोनों पक्षों की छह महिलाओं समेत 13 लोग घायल हो गए। पुलिस मौके पर पहुंची तो दोनों पक्षों के लोग फरार हो गए। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
लक्सर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक ने गांव के व्यक्ति से कुछ जमीन खरीदी थी। बताया जा रहा है कि दाखिल खारिज आदि होने के बाद युवक ने जमीन की बुवाई कर दी। आरोप है कि इससे जमीन बेचने वाला व्यक्ति नाराज हो गया। इसके बाद दोनों पक्ष कोतवाली पहुंच गए। यहां पुलिस ने उन्हें आपसी सहमति के आधार पर मामला निपटाने को कहा। आरोप है कि इसके बाद देर रात जमीन बेचने वाले व्यक्ति ने एक दर्जन लोगों के साथ लाठी डंडों से लैस होकर युवक के घर पर हमला बोल दिया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर संघर्ष हुआ। ग्रामीणों के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच जमकर पथराव भी हुआ, जिसमें दोनों पक्षों की छह महिलाएं समेत 13 लोग घायल हो गए। सूचना पाकर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची तो दोनों पक्षों के लोग फरार हो गए। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।