ब्यूरो/अमर उजाला, भगवानपुर
संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत के मामले में पुलिस ने मृतका के भाई की तहरीर पर पति समेत चार लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का बेलन बरामद कर लिया है जबकि फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।
भगवानपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मानूबास निवासी निवासी सबदर की पुत्री आसमां की शादी 14 साल पूर्व क्षेत्र के ही ग्राम मोहितपुर निवासी जावेद के साथ हुई थी। शादी के बाद आसमां को तीन बच्चे हुए थे। कुछ समय बाद पति और पत्नी में अनबन होनी लगी थी। बीती नौ जून को भी दोनों में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी दिन शाम को संदिग्ध परिस्थितियों में आसमां की मौत हो गई थी। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया था। वहीं, मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया था। साथ ही पुलिस को तहरीर दी थी। थानाध्यक्ष संजीव थपलियाल ने बताया कि मृतका के भाई की तहरीर के आधार पर मोहितपुर निवासी मृतका के पति जावेद, सास जयरीना, ननद परवीन और देवर रियासत के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी पति को गांव से ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयोग किया गया लकड़ी का बेलन भी बरामद कर लिया है। उन्होंने कहा कि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।