रुड़की। गर्मी से निजात पाने के लिए गंगनहर में पुल से कूदकर नहाते समय डूबने वालों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। आए दिन किसी ने किसी के डूबने की सूचना पुलिस के पास आ रही है। ऐसे में पुलिस ने पुल से कूदकर नहाने वालों के लिए अभियान चलाया और उन्हें जमकर फटकार लगाई। साथ ही पुल से कूदकर नहाने वालों को कार्रवाई की चेतावनी दी। इस दौरान पुलिस ने नहाते समय दुर्घटना से बचाव के लिए चेतावनी होर्डिंग्स गंगनहर किनारे लगाए।
नगर निगम पुल से लेकर नए पुल तक रोजाना नहाते समय किसी ने किसी के डूबने की सूचना पुलिस के पास पहुंच रही है। पुलिस के चेतावनी देने के बाद भी पुल से कूदकर नहाने वाले अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं। एसएसपी जन्मेजय प्रभाकर खंडूड़ी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस को गंगनहर किनारे सुरक्षा व चेतावनी संबंधी होर्डिंग्स लगाने के निर्देश दिए। बृहस्पतिवार को सिविल लाइंस कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने पुलिस टीम के साथ नगर पुल से लेकर नए पुल तक गंगनहर के घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस को पुल से कूदकर गंगनहर में नहाने वाले कई नाबालिग दिखाई दिए। पुलिस ने इन सभी की जमकर क्लास लगाई और पुल से कूदकर न नहाने की नसीहत दी। साथ ही बताया कि पुल से कूदकर नहाने से बड़ी दुर्घटना हो सकती है। इसके बाद पुलिस ने नए पुल से लेकर नगर निगम पुल के किनारे चेतावनी व सुरक्षा संबंधी होर्डिंग्स लगाए। कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने अपील करते हुए कहा कि गंगनहर में नहाते समय सुरक्षा बरतें। पुल से छलांग लगाकर गंगनहर में नहाने से बचें।