ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की
चोरों ने बंद पड़े मकान से मोबाइल, नकदी समेत हजारों का सामान चोरी कर लिया। घर लौटने पर मकान मालिक चोरी का पता चला। मकान मालिक ने कोतवाली पहुंचकर चोरी की जानकारी पुलिस को दी। साथ ही दो युवकों पर मकान में चोरी करने का शक जताते हुए तहरीर दी।
गंगनहर कोतवाली क्षेत्र स्थित रामपुर में कृष्णपाल का आवास है। कृष्णपाल के अनुसार, सोमवार को वह परिवार के साथ किसी काम से घर से बाहर गए थे। जबकि उनका बेटा कंपनी में काम करने गया था। शाम को वह घर लौट आए तो मकान का ताला टूटा पड़ा था। उन्होंने मकान के अंदर जाकर देखा तो सामान बिखरा था। उन्होंने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ की। इसके बाद कृष्णपाल ने कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी। साथ ही बताया कि चोर उनके मकान से एक मोबाइल, हजारों की नकदी समेत सामान चोरी कर ले गए हैं। उन्होंने दो युवकों पर घर में चोरी करने का शक जताया। कोतवाली प्रभारी राजेश साह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की छानबीन की जा रही है।