ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की
पुलवामा में शहीद हुए जवानों पर कश्मीरी युवक के आपत्तिजनक टिप्पणी की वीडियो वायरल होने के बाद शहर में उबल आ गया। भाजपाइयों और हिंदू संगठनों के लोगों ने गंगनहर कोतवाली पहुंचकर जमकर हंगामा करते हुए नारेबाजी की। हंगामा देख पुलिस में अफरातफरी मच गई। तत्काल कोतवाली में भारी पुलिस बल बुला लिया गया। पुलिस ने किसी तरह हंगामा कर रहे लोगों को कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया। भाजयुमो की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने एक कश्मीरी युवक के खिलाफ केस दर्ज किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सिविल लाइंस स्थित मयंक सचदेवा की अशोका गारमेंट्स के नाम से रेडीमेट कपड़ों की दुकान है। शनिवार शाम करीब चार बजे एक कश्मीरी युवक कपड़े खरीदने गया था। आरोप है कि यहां उसने दुकान मालिक के सामने ही पुलवामा में शुक्रवार को शहीद हुए जवानों के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी। मयंक ने इस पर आपत्ति जताते हुए मोबाइल से उसकी वीडियो बनानी शुरू कर दी। मयंक ने आपत्तिजनक टिप्पणी करने पर गुस्सा जताया तो वह माफी मांगने लगा। इस बीच मयंक ने अपने दोस्तों को कॉल कर कश्मीरी युवक के आपत्तिजनक टिप्पणी करने की बात बताई। कश्मीरी युवक ने यह बात सुनी तो वह दुकान से बाहर आया और बाहर खड़े अन्य कश्मीरी दोस्तों के साथ गंगनहर कोतवाली पहुंचा। साथ ही पुलिस को मामले की जानकारी दी। पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए रेलवे स्टेशन मार्ग पर एक होटल में रहे रहे कश्मीरी युवक के अन्य साथियों को होटल से कोतवाली लेकर पहुंची।
इस बीच मयंक सचदेवा, पारस मल्होत्रा, संजीव चौधरी, प्रासीस कपिल, जयपाल सिंह, गगन आहूजा, सूर्यकांत, धीरज, राजा समेत अन्य युवक गंगनहर कोतवाली पहुंचे। यहां मयंक ने मोबाइल से बनाई गई वीडियो गंगनहर कोतवाली प्रभारी राजेश साह को दी। साथ ही बताया कि कश्मीरी युवक ने जवानों पर आपत्तिजनक टिप्पणी की है। इस बीच आपत्तिजनक वीडियो शहर में जंगल में आग की तरह वायरल हो गई। सूचना मिलते ही भाजयुमो जिलाध्यक्ष सागर गोयल, जिला उपाध्यक्ष विकास पाल, शोभित गुप्ता, तनुज राठी, गौरव त्यागी, नितिन सेठी, हर्षित गुप्ता, सौरभ मेंदीरत्ता, सूर्यकांत सैनी समेत हिंदू संगठन के कार्यकर्ता कोतवाली जा पहुंचे। गुस्साए कार्यकर्ताओं ने कश्मीरी युवकों के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए हंगामा किया। भाजयुमो जिलाध्यक्ष की तरफ से कश्मीरी युवक के खिलाफ तहरीर देकर देशद्रोह का मुकदमा दर्ज करने की मांग की गई। कोतवाली प्रभारी राजेश साह ने बताया कि वीडियो कब्जे में ले ली गई है। वीडियो की पूरी जांच पड़ताल की जा रही है। उच्चाधिकारियों के आदेश पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
धारा 153 और 505 के तहत केस दर्ज
एसपी देहात नवनीत सिंह ने बताया कि मामला सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र का था, लिहाजा रऊफ अहमद खंड निवासी पहलगांव, जिला अनंतनाग, जम्मू कश्मीर के खिलाफ आईपीसी की धारा 153 (धर्म, मूलवंश, भाषा, जन्मस्थान, निवास-स्थान, इत्यादि के आधारों पर विभिन्न समूहों के बीच शत्रुता का संप्रवर्तन और सौहार्द बने रहने पर प्रतिकूल प्रभाव डालने वाले कार्य करना।) समेत आईपीसी की धारा 505 (सार्वजनिक तौर पर शरारत के लिए बयानबाजी करना) के तहत केस दर्ज कर लिया गया है।