अमर उजाला ब्यूरो
लक्सर। उधार के पैसे लौटाने की बात पर एक पक्ष ने दूसरे पक्ष को गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी है। पीड़ित ग्रामीण ने घटना की तहरीर पुलिस को दी। पुलिस आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच कर रही है।
लक्सर कस्बे के मेन बाजार निवासी अजय राजपूत ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देते हुए बताया कि लगभग चार साल पहले कस्बे के शिवपुरी निवासी विकास वर्मा ने उससे बेटे की तबीयत खराब होने की बात कहते हुए इलाज के नाम पर रुपयों की मांग की थीं। अजय का कहना है कि उसके पास रुपये नहीं थे। उसने अपने जान पहचान वाले व्यक्ति से विकास को तेरह हजार रुपये उधार दिला दिए। विकास ने दो से तीन महीने में रुपये लौटाने की बात कही थी। अब चार साल बाद भी रुपये वापस नहीं किए गए। अजय का कहना है कि वह अब तक रुपये कर्ज देने वाले व्यक्ति को तीस हजार से अधिक का ब्याज दे चुका है। अजय का आरोप है कि जब उसने कई दिन पहले विकास से उधार में दिलाए गए रुपयों की मांग की तो उसने गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दे डाली। पीड़ित ने मामले की तहरीर लक्सर कोतवाली पुलिस को दी है। वहीं कोतवाल अमरचंद शर्मा का कहना है कि तहरीर के आधार पर विकास वर्मा पुत्र सुरेंद्र वर्मा निवासी शिवपुरी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।