देवबंद में शादी समारोह में शामिल होने के बाद लौट रहे दो चचेरे भाइयों की बाइक देर रात अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल ले जाने से पहले ही उनकी मौत हो गई। दो भाइयों की एक साथ मौत होने से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
पथरी थाना क्षेत्र के गाड़ोवाली गांव निवासी अलीशेर (27) और चचेरा भाई आलम (25) रविवार को उत्तर प्रदेश के देवबंद में एक परिचित के यहां शादी समारोह में शामिल होने के लिए गए थे। रविवार देर रात को ही दोनों समारोह से बाइक से घर लौट रहे थे। जैसे ही बाइक सवार दोनों युवक अब्दुल कलाम चौक के ओवरब्रिज पर पहुंचे तो अचानक बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई।
Uttarakhand: जेल में बंद कैदियों को मिलेगाा और अधिक पौष्टिक और स्वादिष्ट खाना, अब ये होगा नया मेन्यू
दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को गंभीर चोटें आईं। दुर्घटना को देख लोग वहां एकत्रित हो गए। पुलिस को जानकारी दी गई। दोनों घायलों को जब तक अस्पताल पहुंचाया जाता तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने दोनों युवकों के शवों को कब्जे में लेकर उन्हें पोस्टमार्टम हाउस भिजवाया।
साथ ही परिवार के लोगों को दुर्घटना की सूचना दी। दो चचेरे भाइयों की दुर्घटना में मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजन दोनों युवकों की मौत पर विलाप कर रहे हैं। कोतवाली प्रभारी प्रदीप बिष्ट ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। दुर्घटना के संबंध में पुलिस को कोई तहरीर नहीं मिली है।I