लक्सर। कोर्ट की तारीख पर आए एक युवक का उसके ही ससुरालियों ने अपहरण कर लिया। उसके बाद उसकी पिटाई कर घर में बंधक बना लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को बरामद कर लिया है। पीड़ित युवक की तहरीर पर पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
सहारनपुर जनपद के गोकुलपुर गांव, थाना कोतवाली देहात, निवासी संजय कुमार पुत्र बालकराम ने कोतवाली लक्सर में दी तहरीर में बताया कि उसकी शादी लक्सर क्षेत्र के एक गांव की युवती से हुई थी। पत्नी और उसके बीच लक्सर न्यायालय में भरण-पोषण का मुकदमा चल रहा है। 20 अगस्त को न्यायालय में मुकदमे की तारीख थी। वह बाइक से सुबह साढ़े दस बजे न्यायालय पहुंचा। न्यायालय में उसकी पत्नी समेत ससुराल पक्ष के करीब 20-25 लोग खड़े थे। जब वह कोर्ट से बाहर निकला तो उसकी बाइक की हवा निकली हुई थी। इस पर वह बाइक को पैदल खींच कर लेकर जा रहा था। कुछ दूरी पर कुछ ससुरालियों ने उसे घेर लिया और उसे जबरन एक कार में डाल दिया। कार से उसे ससुराल लाया गया और पिटाई कर दी।
उसके बाद उसे घसीटते हुए कार में डाला और जंगल की ओर ले गए। जंगल लाकर फिर उसे पीटा गया। इससे वह बेहोश हो गया। जब उसे होश आया तो वह सुभाष नाम के एक ग्रामीण के घेर में पड़ा था। होश आने पर फिर उसे पीटा गया। किसी ने उसके भाई राकेश कुमार को इसकी जानकारी दे दी। उसका भाई राकेश कोतवाली लक्सर पहुंचा और पुलिस को पूरी बात बताई। पुलिस तत्काल उसके साथ सुभाष के घेर में पहुंची और संजय को छुड़ा लाई। आरोपियों ने उसकी जेब से साढ़े 22 हजार रुपये, मोबाइल और बाइक भी लूट ली। पुलिस ने तहरीर पर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।