जमीन बेचने के नाम पर धोखाधड़ी कर एक व्यक्ति से 25 लाख की रकम हड़पने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने मेरठ निवासी आरोपी विनय त्यागी और उसकी पत्नी निशी त्यागी के खिलाफ लक्सर कोतवाली में धोखाधड़ी के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जनपद के नकुड़ निवासी अजय कुमार ने तहरीर देकर बताया कि उसे लक्सर तहसील क्षेत्र में कृषि भूमि की आवश्यकता थी। कुछ महीने पहले उसकी मुलाकात विनय त्यागी उर्फ टिंकू निवासी जागृति विहार मेरठ, उत्तर प्रदेश से हुई। विनय ने उसे बताया कि उसने लक्सर तहसील के इस्माइलपुर गांव निवासी एक व्यक्ति से भूमि का बैनामा किया है।
वह उसे अपने साथ जमीन दिखाने ले गया। पसंद आने पर एक करोड़ रुपये में उनके बीच जमीन का सौदा हो गया। एग्रीमेंट होने पर उसने 25 अगस्त को 25 लाख की रकम बतौर एडवांस आरोपी को दे दी। शेष रकम आठ अक्तूबर को रजिस्ट्री होने पर देने की बात उनके बीच तय हुई थी।
एग्रीमेंट पर निशी त्यागी ने बतौर गवाह हस्ताक्षर किए थे। नियत तारीख पर वह तहसील में रजिस्ट्री कराने के लिए पहुंचा लेकिन आरोपी वहां नहीं आया। वह उसके घर गया तो आरोपी उसे वहां भी नहीं मिला। जानकारी करने पर पता लगा कि आरोपी किसी मामले में देहरादून जेल में बंद है। उसके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं।
इसके बाद उसने उसकी पत्नी से जानकारी का प्रयास किया तो उससे अभद्रता की। अजय ने तहसील में जाकर जानकारी की तो उक्त जमीन किसी अन्य व्यक्ति के नाम दर्ज होने की जानकारी मिली। इसके बाद 12 अक्तूबर को बिना नंबर की बाइक पर दो व्यक्तियों ने उसके घर आकर जेल में बंद विनय की ओर से भेजे गए मैसेज का हवाला देते हुए जमीन की बाबत किसी को कुछ भी बताने पर जान से मारने की धमकी दी। अजय ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की। कोतवाली प्रभारी राजीव रौथाण ने बताया कि तहरीर पर नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।