बाईपास पर एक कार ने बाइक सवार दंपती को टक्कर मार दी। इससे दंपती और बच्चा घायल हो गए। घायलों को राहगीरों ने अस्पताल में भर्ती कराकर उपचार दिलाया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात कार चालक पर केस दर्ज कर लिया है।
सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस को कुलदीप कुमार निवासी सिद्धिविनायक फेस-3 ब्रहमपुरी रावली महदूद, थाना बहादराबाद ने तहरीर देकर बताया कि वह बाइक से पत्नी सोनिका व बच्चे के साथ मंगलौर जा रहे थे। जैसे ही वह बाईपास पर सोलानी नदी पुल के पास पहुंचे तो एक कार ने पीछे से टक्कर मार दी। कार की टक्कर से वह, उनकी पत्नी व बच्चा गिरकर घायल हो गए। तीनों को राहगीरों ने अस्पताल में भर्ती कराया। वहां पत्नी की गंभीर हालत देखते हुए एम्स रेफर कर दिया। वहां पत्नी की हालत गंभीर बनी हुई है। एएसपी निहारिका तोमर ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। साथ ही कार नंबर के आधार पर कार चालक की तलाश की जा रही है।